हिमालय में वन अधिकार क्षेत्र में सराहनीय कार्य के किये किशोर उपाध्याय को सम्मानित करेगा तरुण भारत संघ


हरिद्वार। प्रकृति संरक्षण, हिमालय में वन अधिकार, पूर्वांचल में बाढ़ मुक्ति व जल प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को तरूण भारत संघ की और से सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में वनाधिकार जनाधिकार आंदोलन समिति के महानगर अध्यक्ष विभाष मिश्रा ने बताया कि किशोर उपाध्याय ने मानवता तथा प्रकृति को सदैव ही सम्मान दिया है। उत्तराखण्ड में हिमालय में वन अधिकार और पूर्वांचल में बाढ़ मुक्ति व जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।


गंगा की अविरलता व निर्मलता बनाए रखने तथा मानव अधिकार, नदी अधिकार, जंगल, जंगली जीवों एवं  वनवासियों को उनके अधिकार दिलाने के लिए भी उन्होंने सदैव सक्रियता से काम किया है। प्रकृति और मानव सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे किशोर उपाध्याय देशभर के सामाजिक कार्यो से जुड़े व्यक्तियों को प्रेरणा देते रहे हैं। प्रकृति व मानव सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए महात्मा गांधी के पौत्र अरूण गांधी तथा परपौत्र तुषार गांधी तथा देश दुनिया के प्रकृति प्रेमियों की उपस्थिति में तरूण भारत संघ 15 जनवरी को राजस्थान के अलवर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित करेगा।